बिहार मांगे तेजस्वी! सी-वोटर सर्वे के बाद गदगद आरजेडी, पटना में जोश बढ़ाने वाले पोस्टर लगे
YouTube video link....https://youtu.be/1OoTB_2QDIY
**पटना में तेजस्वी के समर्थन में गूंजे नारे, सी-वोटर सर्वे के बाद आरजेडी में जोश हाई**
बिहार की सियासत में विधानसभा चुनाव से पहले हलचल तेज हो गई है। सी-वोटर के ताजा सर्वे में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद की पहली पसंद बताया गया है, जिसके बाद आरजेडी खेमे में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस सर्वे में 41 प्रतिशत लोगों ने तेजस्वी को मुख्यमंत्री के रूप में अपनी पहली पसंद बताया, जबकि 18 प्रतिशत लोग अभी भी नीतीश कुमार को इस पद पर देखना चाहते हैं। सर्वे के नतीजों से उत्साहित आरजेडी कार्यकर्ताओं ने पटना में कई प्रमुख स्थानों पर तेजस्वी यादव के समर्थन में बड़े-बड़े पोस्टर लगवा दिए हैं। इन पोस्टरों में लिखा गया है – "रोजगार के लिए- तेजस्वी, न्याय की आस- तेजस्वी, सुख-दुख का साथी- तेजस्वी, दुखियों का सहारा- तेजस्वी।"
पटना के इनकम टैक्स गोलंबर, आरजेडी कार्यालय, राबड़ी आवास और विधानसभा के पास लगे इन पोस्टरों को देखकर यह साफ हो गया है कि आरजेडी इस सर्वे को एक बड़े मनोवैज्ञानिक बढ़त के रूप में देख रही है। पार्टी कार्यकर्ता इस नारे के साथ जनता के बीच जा रहे हैं कि अब बिहार में बदलाव तय है और तेजस्वी यादव को अगला मुख्यमंत्री बनाने के लिए जनता पूरी तरह तैयार है। आरजेडी नेता सनत कुशवाहा ने कहा कि यह पोस्टर सिर्फ प्रचार नहीं, बल्कि बिहार की जनता की भावना का प्रतिबिंब है।
वहीं, जब आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से जहानाबाद में पत्रकारों ने इस सर्वे के बारे में सवाल किया तो उन्होंने साफ कहा, **"सरकार बनेगी, तेजस्वी मुख्यमंत्री बनेंगे।"** लालू के इस बयान से पार्टी कार्यकर्ताओं का हौसला और बढ़ गया है। आरजेडी समर्थकों का कहना है कि यह चुनाव रोजगार, न्याय और युवाओं के भविष्य का चुनाव है और जनता अब भाजपा-जदयू गठबंधन को हटाने का मन बना चुकी है।
हालांकि, इस सर्वे पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जदयू (JDU) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इसे खारिज करते हुए कहा, **"खोदा पहाड़, निकली चुहिया। यह सर्वे कुछ भी कहे, लेकिन बिहार की जनता जानती है कि अगले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे। आरजेडी का एमवाई (मुस्लिम-यादव) समीकरण अब फेल हो चुका है, और एनडीए की सरकार एक बार फिर बिहार में बनेगी।"**
गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि आरजेडी सिर्फ दिखावे की राजनीति कर रही है, जबकि असल में बिहार के लोग डबल इंजन की सरकार के विकास कार्यों को देख रहे हैं और वे एक बार फिर भाजपा-जदयू गठबंधन को सत्ता सौंपेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में रोजगार के क्षेत्र में सुधार हो रहा है, बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर काम हो रहा है और विपक्ष झूठी उम्मीदें बेचने में लगा हुआ है।
बिहार में अक्टूबर-नवंबर 2025 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में यह सवाल हर किसी के मन में है कि आखिर अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? विपक्ष लगातार दावा कर रहा है कि बीजेपी इस बार नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी, जबकि भाजपा और जदयू इस बात पर अडिग हैं कि गठबंधन का नेतृत्व नीतीश कुमार ही करेंगे। लेकिन सी-वोटर सर्वे के आंकड़े जदयू के लिए खतरे की घंटी बजाते दिख रहे हैं।
अब देखने वाली बात यह होगी कि यह सर्वे जमीनी सच्चाई को कितना दर्शाता है। क्या जनता तेजस्वी यादव के पक्ष में फैसला देगी, या फिर नीतीश कुमार की सरकार को एक और कार्यकाल मिलेगा? बिहार की राजनीति में अब चुनाव तक रोज नए समीकरण बनते और बिगड़ते रहेंगे। लेकिन इतना तय है कि इस बार का विधानसभा चुनाव बेहद दिलचस्प होने वाला है, जहां विकास, रोजगार और नेतृत्व के मुद्दे पर जनता का फैसला ही भविष्य तय करेगा।
0 Response to "बिहार मांगे तेजस्वी! सी-वोटर सर्वे के बाद गदगद आरजेडी, पटना में जोश बढ़ाने वाले पोस्टर लगे"
एक टिप्पणी भेजें